झालू और जंगल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति हुई अलग, विद्युत केंद्र का निरीक्षण
मेरठ और बिजनौर डिवीजन के अधिकारियों ने झालू विद्युत केंद्र की व्यवस्थाएं परखीं
उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो बिजनौर
झालू। नगर और जंगल क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को अलग-अलग फीडर से संचालित किए जाने के बाद सोमवार को विद्युत निगम के अधिकारियों की टीम ने झालू विद्युत केंद्र का निरीक्षण किया। मेरठ और बिजनौर डिवीजन के अधिकारियों ने नई व्यवस्था का जायजा लेते हुए विद्युत आपूर्ति और फीडरों से संबंधित जानकारी ली। साथ ही कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया गया कि पूर्व में नगर और जंगल क्षेत्र की विद्युत लाइन एक ही फीडर से संचालित होती थी। ऐसे में किसी एक क्षेत्र की लाइन में फाल्ट आने पर उसका असर दूसरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पर भी पड़ता था। इससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक विद्युत कटौती और आपूर्ति बाधित होने की समस्या का सामना करना पड़ता था।
अब विद्युत निगम की ओर से नगर और जंगल क्षेत्र की लाइनों को अलग-अलग फीडर से जोड़कर संचालित किया जा रहा है। इससे एक क्षेत्र में फाल्ट होने की स्थिति में दूसरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना कम हो गई है। इसी नई व्यवस्था की स्थिति जानने के लिए अधिकारियों ने झालू विद्युत केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेरठ डिवीजन के अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) अरुण कुमार और राहुल चौधरी, बिजनौर डिवीजन के अधिशासी अभियंता अजय कुमार कैम, उपखंड अधिकारी मनोज कुमार मौर्य, अवर अभियंता सुदेश कुमार सहित विद्युत निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्युत केंद्र में फीडरों और आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण कर कर्मचारियों से जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।