नारी शक्ति संगठन ने महाराणा प्रताप बस्ती के बच्चों के साथ मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
बच्चों ने श्रीकृष्ण, राधा, सुदामा और मीरा बनकर प्रस्तुत किए मनमोहक कार्यक्रम
उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो
बिजनौर। नारी शक्ति संगठन की महिलाओं ने महाराणा प्रताप बस्ती में महिलाओं और बच्चों के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में बच्चों ने श्रीकृष्ण, राधा, सुदामा और मीरा की वेशभूषा धारण कर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
संगठन की अध्यक्ष पूनम गोयल ने बच्चों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से संबंधित प्रश्न पूछे और सही उत्तर देने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को जन्माष्टमी पर्व के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि भाद्रपद मास की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में मध्यरात्रि के समय मथुरा की कारागार में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। इसी पावन स्मृति में देशभर में श्रद्धालु श्रद्धा और उल्लास के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाते हैं।
पूनम गोयल ने कहा कि नारी शक्ति संगठन का उद्देश्य बस्तियों में जाकर बच्चों को भारतीय सनातन संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना तथा उनमें धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और विरासत की जानकारी देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उपहार स्वरूप लंच बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, चौलाई के लड्डू और बिस्किट वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर संगठन की महामंत्री शारदा चौधरी, गार्गी अग्रवाल, उपाध्यक्ष निधि वर्मा, वंदना गुप्ता, शिखा गुप्ता, संतोष, पूनम शर्मा, रिंकी मसीह, मंत्री मनीषा गुप्ता, करुणा अग्रवाल, रश्मि तोमर, शीतल भारद्वाज, शिखा अग्रवाल, अंशु बिश्नोई, सुनीता शर्मा, डॉली शुक्ला, कोषाध्यक्ष मोनिका अग्रवाल, मीडिया प्रभारी माही मसीह, पिंकी बाला, रीना चौधरी, रेखा वर्मा तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।