रेलवे लाइन की पटरी पर दो शव मिलने से मचा हड़कंप 

Aug 24, 2026 - 20:01
 0  6
रेलवे लाइन की पटरी पर दो शव मिलने से मचा हड़कंप 

रेलवे लाइन की पटरी पर दो शव मिलने से मचा हड़कंप 


सरोजनीनगर। लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को रेलवे लाइन की पटरी पर दो शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर दोनों शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में पोस्टमार्टम हाउस पहुंची महिला ने एक शव की पहचान अपने 16 वर्षीय बेटे कृष्णा शर्मा के रूप में की। पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे आलमनगर से उतरठिया की ओर जा रही ट्रेन के चालक ने सरोजनीनगर थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन मास्टर को रेलवे लाइन पर दो लोगों के शव पड़े होने की सूचना दी। स्टेशन से जानकारी मिलने पर सरोजनीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। जहाँ कानपुर रोड स्थित बीमा अस्पताल के पास रेलवे लाइन किनारे थोड़ी थोड़ी दूरी पर करीब 16 वर्षीय किशोर और करीब 25 वर्षीय युवक के शव पड़े मिले। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर उनकी पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना को लेकर आसपास लोगों में चर्चा हुई तो कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के अलीनगर सुनहरा स्थित हरिओम नगर निवासी महिला रीता को इस बारे में पता चला। तब उसने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर नाबालिक की पहचान अपने बेटे कृष्णा शर्मा (16) के रूप में की। पुलिस के मुताबिक महिला रीता कृष्णानगर थाना क्षेत्र के अलीनगर सुनहरा स्थित हरिओम नगर में किराए के मकान में मृतक कृष्णा और छोटे बेटे देवराज के साथ रहती हैं। कृष्णा नादरगंज स्थित ई-रिक्शा फैक्ट्री में ठेकेदार के अंडर में रिक्शा बांधने का काम करता था। रीता के मुताबिक कृष्णा सोमवार सुबह घर से टिफिन लेकर ड्यूटी जाने की बात कहकर निकला था। वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि कृष्णा अपने एक साथी के साथ रेलवे ट्रैक पर बैठा गाँजा पी रहा था। तभी ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दूसरे युवक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।


जालसाजों ने मोबाइल फोन हैक कर गूगल पर से 18000 रुपए निकाले 


सरोजनीनगर। लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में करीब साढ़े तीन माह पहले एक व्यक्ति के मोबाइल फोन को हैक कर जालसाजों ने गूगल पे के जरिए उसके बैंक खाते से 18 हजार रुपये निकाल लिए। जानकारी होने के बाद पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत करने के साथ सरोजनीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सरोजनीनगर के बदाली खेड़ा, कानपुर रोड निवासी पंकज शर्मा के मुताबिक, 8 मई 2026 को सुबह करीब 11:08 बजे वह अपने घर पर मोबाइल फोन से बात कर रहे थे। इसी दौरान उनके रियलमी मोबाइल में अचानक सॉफ्टवेयर अपडेट होने लगा। पंकज का कहना है कि कुछ देर बाद उनके मोबाइलपर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की आलमबाग शाखा स्थित खाते से 18 हजार रुपये डेबिट होने का एसएमएस आया। जानकारी करने पर पता चला कि रकम गूगल पे के माध्यम से निकाली गई है।इसके बाद पीड़ित ने आनन फानन साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। बाद में इसकी सूचना सरोजनीनगर थाने पर दी। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जालसाजों का पता लगाने और निकाली गई रकम को होल्ड कराकर वापस कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


पेट्रोल पंप के मैनेजर ने कार सवार तीन अज्ञात लोगों पर कर्मचारियों से मारपीट करने की रिपोर्ट कराई दर्ज


सरोजनीनगर। लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र स्थित कानपुर रोड के अश्विन ऊर्जा एचपी पेट्रोल पंप के मैनेजर चंद्रमणि ने कार सवार तीन व अन्य अज्ञात लोगों पर कर्मचारियों के साथ मारपीट करने की रिपोर्ट कराई है। पंप मैनेजर चन्द्रमणि के मुताबिक रविवार दोपहर करीब एक बजे तीन अज्ञात लोग कार (यूपी32 एलबी 1774) से पेट्रोल डलवाने पहुंचे। चंद्रमणि का कहना है कि ऑनलाइन भुगतान न आने की जानकारी देने पर आरोपियों ने कर्मचारी शिवशंकर से गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की और धमकी देकर चले गए। आरोप है कि शाम करीब 4 से 4:30 बजे वही तीन लोग अपने कुछ अन्य साथियों के साथ दोबारा पंप पर पहुंचे और शिवशंकर सहित रिंकू, दीपक तिवारी, मुन्नूलाल, मोहन यादव व मनीष गर्ग के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस घटना में कई कर्मचारी चोटिल हो गए।फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


गुजरात से लखनऊ आ रही 436 बैटरियों में से 41 बैटरीया हुई गायब 

सरोजनीनगर। लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में बीते दिनों गुजरात से लखनऊ के लिए भेजी गई 436 बैटरियों में से 41 बैटरियां रास्ते से गायब हो गई। इस मामले में सीजे डॉर्सल लॉजिस्टिक्स लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि शिव शंकर जायसवाल ने बिजनौर थाने में गुजरात के भुज स्थित गांधीधाम निवासी ट्रांसपोर्टर केके चौधरी, राजस्थान के बाड़मेर स्थित पनानियों का ताला, होडू निवासी ट्रक मालिक राणाराम और राजस्थान के ही बाड़मेर स्थित पायला खुर्द निवासी ट्रक चालक मोटा राम सहित डिपो इंचार्ज रविंद्र कुमार व अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिव शंकर जायसवाल के मुताबिक कंपनी ने पूर्ण ट्रक लोड माल ढुलाई के लिए केके चौधरी ट्रांसपोर्ट से संपर्क किया था। तब ब्रोकर की ओर से ट्रक (आरजे 39 जीए 3747) उपलब्ध कराया गया था। शिव शंकर का कहना है कि इस ट्रक में सात अगस्त को गुजरात के मुंद्रा स्थित ईस्टमैन ऑटो एंड पावर लिमिटेड के परिसर से 436 बैटरियां लादकर लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित नटकुर के भंडारी फार्म पहुंचाने के लिए रवाना की गई थीं। माल की लोडिंग चालक और डिपो इंचार्ज की मौजूदगी में हुई थी। इसका कन्साइनमेंट नोट भी जारी किया गया था।शिव शंकर का कहना है 13 अगस्त को ट्रक माल लेकर बिजनौर थाना क्षेत्र स्थित कन्साइनी परिसर पहुंचा। वहां माल की जांच के दौरान 41 बैटरियां कम मिलीं। तब इसकी जानकारी कंपनी अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने पर कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस की 112 हेल्पलाइन पर भी घटना की जानकारी दी। शिव शंकर जायसवाल ने आशंका जताई है कि ट्रक चालक, मालिक और ब्रोकर ने आपस में मिलीभगत कर अन्य लोगों के साथ मिलकर रास्ते में बैटरियों का गबन किया है। आरोप है कि इस कृत्य से कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। फिलहाल कंपनी के शाखा प्रबंधक शिव शंकर जायसवाल की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

डीसीपी दक्षिणी ने बिजनौर थाने का किये आकस्मिक निरीक्षण 


सरोजनीनगर। लखनऊ। डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने सोमवार को बिजनौर थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। वह दोपहर करीब 3:15 बजे बिजनौर थाने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों, मालखाना, साफ-सफाई, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को थाने की व्यवस्थाओं में सुधार के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर प्रभावी पुलिसिंग के निर्देश दिए। डीसीपी ने थाना परिसर में खड़े वाहनों का विधिवत चिन्हीकरण कर प्रत्येक वाहन की अलग फाइल तैयार करने तथा नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। अव्यवस्थित वाहनों व निष्प्रयोज्य सामग्री का निस्तारण, परिसर की नियमित सफाई, सौंदर्यीकरण, वृक्षारोपण और हरित क्षेत्र विकसित करने पर भी जोर दिया। पुलिसकर्मियों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए व्यायाम की समुचित व्यवस्था करने को कहा। जर्जर भवनों को चिन्हित कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण तथा जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए नगर निकाय से समन्वय के निर्देश दिए। उन्होंने मेस की स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी, सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रभावी गश्त तथा पड़ोसी थानों और जनपदों की पुलिस से समन्वय बढ़ाने को कहा। क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों का सत्यापन कर निरोधात्मक कार्रवाई, विशेष रूप से चिन्हित अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और गुमशुदा लोगों की बरामदगी के लिए गठित टीमों के प्रयासों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, साक्ष्य और गवाहों के बयान समय से दर्ज कराने तथा अनावश्यक विलंब पर जिम्मेदारी तय करने को कहा। बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता व कार्यशीलता सुनिश्चित करने के साथ तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश दिए। डीसीपी ने मिशन शक्ति और एंटी रोमियो अभियान को प्रभावी बनाने, महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने तथा आईजीआरएस शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने फरियादियों से शालीन व्यवहार और उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान डीसीपी ने मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी महिला उप निरीक्षक आराधना वर्मा के काम की तारीफ करते हुए उन्हें 5000 रुपये इनाम देने की घोषणा की। इससे पहले डीसीपी दक्षिणी ने बिजनौर थाना स्थित नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आगंतुकों और पीड़ितों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए।