पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में VMC की तीसरी बैठक संपन्न, OER पोर्टल का हुआ शुभारंभ

0
20260407_194807.jpg
Spread the love

20260407_194807.jpg

हरदोई। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हरदोई के परिसर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की तृतीय विद्यालय प्रबंधन समिति (VMC) की बैठक गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी हरदोई सान्या छाबड़ा (आईएएस) ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे ‘कब्स और बुलबुल’ द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके पश्चात मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय के अन्य सदस्यों के साथ परिसर का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने टॉय लाइब्रेरी, खेल मैदान, संगीत कक्ष, विज्ञान प्रयोगशालाओं तथा अटल टिंकरिंग लैब (ATL) का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रों द्वारा प्रस्तुत वैज्ञानिक प्रोजेक्ट्स को देखा और उनकी रचनात्मकता की सराहना की।

बैठक का औपचारिक शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद प्राचार्य मोहम्मद राशिद ने पौधा भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर संगीत शिक्षक सत्येंद्र शंकर के निर्देशन में विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

अपने स्वागत संबोधन में प्राचार्य मोहम्मद राशिद ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रशासन के सहयोग से विद्यालय को 10 केवीए हाइब्रिड सोलर सिस्टम, 10 केवीए यूपीएस अपग्रेडेशन तथा क्रिटिकल गैप फंड के माध्यम से ‘सेफ्टी रोड’ (सुरक्षित निकासी मार्ग), ट्री गार्ड्स और रोड बैरिकेडिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जो विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं।
बैठक के दौरान विद्यालय की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल के तहत ओपन एजुकेशनल रिसोर्स (OER) पोर्टल का उद्घाटन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने माउस क्लिक कर इस पोर्टल का शुभारंभ किया और इसे सार्वजनिक रूप से समर्पित किया। यह डिजिटल पोर्टल लगभग 50 महत्वपूर्ण शैक्षिक संसाधनों का केंद्रीकृत मंच है, जिसे विद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष आदेश कुमार ने अपने प्रयासों से तैयार किया है।

इस अवसर पर कक्षा 12 की छात्रा अंशिता पाण्डेय को ‘विद्यार्थी विज्ञान मंथन’ (VVM) में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।।बैठक में आगामी सत्र की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा परिणाम, नवाचार, कंडमनेशन, विद्यालय की उपलब्धियां, विद्यांजलि कार्यक्रम, खेल गतिविधियां, सतत व्यावसायिक प्रशिक्षण, ओपन जिम, विद्यालय भवन के स्ट्रक्चरल ऑडिट, ई-ऑफिस व्यवस्था तथा विद्यालय की सुरक्षा के लिए पुलिस पिकेट जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

बैठक का संचालन पुस्तकालयाध्यक्ष आदेश कुमार ने किया। इस अवसर पर सुमन द्विवेदी (प्राचार्या, जीजीआईसी हरदोई), डी.एल. राणा (बीईओ, सुरसा), अमिता मिश्रा ‘मीतू’, डॉ. शिव सागर चौधरी (सीएमओ, सुरसा), डॉ. जय भगवान, रवि किशोर (एई, पीडब्ल्यूडी), दिव्या निगम (डीआईओ), अभिभावक सदस्य गोल्डी पाल व अखिल द्विवेदी तथा शिक्षक प्रतिनिधि अखिलेश कुमार, डॉ. अनुपमा, अंजू गौतम, दीपक सिंह और वीरेन्द्र शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Sudhir Gangwar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed