कांवड़ यात्रा में माता-पिता से बिछड़ी 10 वर्षीय बालिका को पुलिस ने सकुशल बरामद किया
उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो बिजनौर
हल्दौर। श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान माता-पिता से बिछड़ी 10 वर्षीय बालिका को थाना हल्दौर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका के मिलने पर परिजनों ने पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस के अनुसार शनिवार को प्रेमा देवी पत्नी राजू निवासी रहरा, जनपद बुलंदशहर ने थाना हल्दौर पुलिस को सूचना दी कि कांवड़ यात्रा के दौरान उनकी करीब 10 वर्षीय पुत्री रिया नहटौर-पैजनिया रोड स्थित क्रेशर के पास लगे कांवड़ शिविर से अचानक बिछड़ गई है। सूचना मिलते ही कांवड़ यात्रा ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक शेर सिंह और आरक्षी 900 रुस्तम पंवार ने तत्काल बालिका की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में खोजबीन करते हुए पैजनिया-चांदपुर रोड से बालिका रिया को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक पहचान-पड़ताल के बाद बालिका को उसके माता-पिता प्रेमा देवी और राजू पुत्र नन्हे सिंह के सुपुर्द कर दिया।
बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और थाना हल्दौर पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।