गन्ना भुगतान और किसानों की समस्याओं को लेकर गरजे किसान

बिलाई मिल गेट पर महापंचायत, बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग; अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना

Aug 17, 2026 - 16:48
 0  43

उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो

बिजनौर। गन्ने के बकाया भुगतान और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को बिलाई चीनी मिल के मुख्य गेट पर किसानों ने हुंकार भरी। सनातन शौर्य संघ फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित महापंचायत में जिले के विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। किसानों ने गन्ना भुगतान में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समय से गन्ने का पैसा नहीं मिलने से खेती की लागत जुटाना और परिवार की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। महापंचायत की अध्यक्षता भारत सिंह प्रधान ने की, जबकि संचालन नरदेव सिंह ने किया।
महापंचायत में किसान संघर्ष मोर्चा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विकास चौधरी, सनातन शौर्य संघ फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत भूपेंद्र सिंह और जिलाध्यक्ष विकास कुमार उर्फ नूरी ने कहा कि बिलाई चीनी मिल पर किसानों का करीब 86 करोड़ रुपये बकाया बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महीनों से भुगतान अटका होने के कारण किसान आर्थिक दबाव में हैं। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्च और अगली फसल की तैयारी तक प्रभावित हो रही है।
किसानों ने दो टूक कहा कि गन्ने का भुगतान किसान की मेहनत की कमाई है, जिसे पाने के लिए उन्हें बार-बार आंदोलन करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
महापंचायत की जानकारी मिलने पर मिल के गन्ना महाप्रबंधक सुभाष तोमर, सहकारी गन्ना विकास समिति हल्दौर के सचिव मुकेश राठी समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग रखी। इसके बाद तहसीलदार आशीष सक्सेना और जिला गन्ना अधिकारी बृजेश पाठक भी किसानों के बीच पहुंचे।
किसानों और अधिकारियों के बीच बकाया भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर चार दौर की वार्ता विफल होने के बाद। किसानों ने मिल के पिछले 30 वर्षों के आंकड़ों का सत्यापन कराकर प्रशासन को उपलब्ध कराने की मांग रखी, ताकि ब्याज भुगतान से जुड़े मामलों का भी समाधान हो सके। इसके साथ ही 14 दिन के भीतर बकाया भुगतान, फरवरी माह तक का संपूर्ण गन्ना भुगतान और कीटनाशक दवाओं पर सब्सिडी देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
वार्ता के दौरान अधिकारियों ने किसानों को सात सितंबर तक फरवरी माह तक का समस्त बकाया भुगतान दिलाने का आश्वासन दिया। अन्य मांगों के समाधान का भी भरोसा दिया गया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों का आक्रोश शांत हुआ। किसानों ने मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान भाकियू जनशक्ति के जिलाध्यक्ष नरपाल सिंह, भाकियू प्रधान जिलाध्यक्ष सुरेश चाहल, अनिल कुमार, बिन्नी चौधरी, ब्रह्मपाल सिंह, इमरान चौधरी, राजीव त्यागी, मुस्तकीम, संजीव कुमार, देवेंद्र सिंह, मलखान, मुनेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Files

@akag उत्तम हिंदुस्तान जिला ब्यूरो चीफ बिजनौर