किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा की बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयार, भुगतान में देरी पर जताई नाराजगी

गन्ना भुगतान नहीं होने पर 17 अगस्त को बिलाई मिल पर महापंचायत का ऐलान : विकास चौधरी

Aug 5, 2026 - 19:21
 0  21
किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा की बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयार, भुगतान में देरी पर जताई नाराजगी


 

उत्तम हिंदुस्तान ब्यूरो
 
बिजनौर। किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा की बैठक बुधवार को ग्राम ऊमरी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विकास चौधरी तथा संचालन मोहित कुमार ने किया। बैठक में बिलाई चीनी मिल द्वारा किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किए जाने पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के युवा प्रदेश अध्यक्ष विकास चौधरी ने कहा कि किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा ने पहले बिलाई मिल पर आंदोलन की घोषणा की थी। इसके बाद मिल के वरिष्ठ अधिकारियों ने वार्ता का प्रस्ताव रखा, जिस पर संगठन के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि वार्ता के दौरान संगठन ने मिल प्रबंधन को गन्ना भुगतान के लिए एक माह का समय दिया था, लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद किसानों का बकाया भुगतान नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि गन्ना भुगतान के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश शासन और जिला प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उनका कहना था कि विधानसभा चुनाव नजदीक होने के बावजूद किसानों के बकाया भुगतान की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
विकास चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि बिलाई मिल के कुछ कर्मचारी गन्ना सर्वे प्रदर्शन के दौरान किसानों से मिल को गन्ना आपूर्ति के सहमति-पत्रों पर हस्ताक्षर करा रहे हैं, ताकि आरक्षण संबंधी बैठकों में किसान मिल का विरोध न कर सकें। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद संगठन ने निर्णय लिया कि यदि गन्ना भुगतान का समाधान नहीं हुआ तो 17 अगस्त को बिलाई चीनी मिल के मुख्य द्वार पर महापंचायत आयोजित कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष विकास उर्फ नूरी, मुस्तकीम अंसारी, इमरान चौधरी, केशव सिंह, कमलबीर सिंह, संजय सिंह, सजाऊद्दीन, नौशाद अहमद, सुभाष, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

@akag उत्तम हिंदुस्तान जिला ब्यूरो चीफ बिजनौर