नाबालिग सौतेली बेटी से दुष्कर्म व मारपीट करने वाला कलयुगी पिता गिरफ्तार, भेजा गया जेल
नाबालिग सौतेली बेटी से दुष्कर्म व मारपीट करने वाला कलयुगी पिता गिरफ्तार, भेजा गया जेल
लखनऊ। थाना सरोजनीनगर पुलिस ने रिश्तों को शर्मसार करने वाले एक संगीन मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग सौतेली बेटी से दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (14 अगस्त) को पीड़िता की मां ने सरोजनीनगर थाने में नामजद तहरीर दी थी। पीड़िता की मां का आरोप था कि उसके पति (नाबालिग के सौतेले पिता) रामबाबू रावत ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट की, उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 313/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 115(2), 351(3) एवं 5N/6 पॉक्सो (POCSO) एक्ट में गंभीर मामला दर्ज किया।
मुखबिर की सूचना पर धरपकड़
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक, एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार और एसीपी कृष्णानगर अभिषेक कुमार पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजदेव प्रजापति की टीम ने मुखबिर तंत्र की मदद से शनिवार को आरोपी को धर दबोचा।
पूर्व में भी दर्ज है आपराधिक मामला
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामबाबू रावत (उम्र करीब 35 वर्ष), पुत्र श्रीकेशन, निवासी गौरी बाजार (हाल पता- ग्राम गहरू, थाना सरोजनीनगर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट व गाली-गलौज (मु.अ.सं. 182/22) का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।